Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय जनपद न्यायाधीश विनय कुमार, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल तथा पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर तथा गुब्बारों को हवा में छोड़कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अतिथियों का पौधे भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान जनपद न्यायाधीश ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया तथा संविधान के प्रति निष्ठा रखने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने और अपने मौलिक कर्तव्यों का पालन करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश विनय कुमार ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 जनवरी और 26 नवंबर दोनों ही तिथियां भारतीय इतिहास में समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकृत किया गया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। भारतीय संविधान लगभग 2 वर्ष, 11 माह और 18 दिन के अथक परिश्रम के बाद तैयार हुआ। संविधान निर्माताओं ने विभिन्न देशों के संविधानों का अध्ययन कर ऐसा संविधान तैयार किया, जो देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिकों के अधिकारों और स्वतंत्रता की रक्षा करता है। उन्होंने कहा कि संविधान देश का सर्वोच्च कानून है और प्रधानमंत्री सहित कोई भी व्यक्ति संविधान से ऊपर नहीं है। संविधान का उद्देश्य तानाशाही को रोकना, प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार एवं न्याय दिलाना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने जीवन में कम से कम एक बार भारतीय संविधान का अध्ययन करने और अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी समझने का आह्वान किया। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं लोक अदालत की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि ये व्यवस्थाएं आम नागरिकों को सुलभ और सस्ता न्याय उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।

जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारा संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की अपील की। उन्होंने बताया कि पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। जिलाधिकारी ने आर्थिक एवं सामाजिक न्याय का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सही जनगणना आवश्यक है। वर्तमान में संचालित स्वगणना अभियान में सभी लोग मोबाइल के माध्यम से अपने परिवार के सदस्यों की गणना स्वयं करें तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना में उल्लिखित व्यक्ति की गरिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति, चाहे वह किसी भी जाति, धर्म या क्षेत्र से संबंधित हो, सम्मान का अधिकारी है। हमें प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा का सम्मान करते हुए एक बेहतर समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान देना चाहिए। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारत ने अपने संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि हमारी राष्ट्रीय पहचान है। किसी भी देश का गौरव उसका संविधान होता है और भारत की संप्रभुता, स्वतंत्रता एवं लोकतांत्रिक शक्ति का स्रोत भी हमारा संविधान ही है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे मोबाइल और स्क्रीन पर समय बिताने के साथ भारतीय संविधान को पढ़ने और समझने के लिए भी समय निकालें। संविधान निर्माण की प्रक्रिया, संविधान सभा में हुई चर्चाओं और प्रस्तावना तैयार करने के पीछे संविधान निर्माताओं की दूरदर्शी सोच का अध्ययन करें। उन्होंने कहा कि संविधान को केवल पढ़ना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके आदर्शों को पूरे अंतःकरण से स्वीकार कर अपने जीवन में अपनाना भी आवश्यक है। हमें संविधान निर्माताओं, महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को सदैव याद रखना चाहिए।

संविधान दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में कुमारी कामिनी बघेल ने प्रथम, कुमारी नंदिनी ने द्वितीय तथा कुमारी वंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध लेखन प्रतियोगिता में कुमारी अंजू ने प्रथम, कुमारी अंजली सिंह ने द्वितीय तथा कुमारी शालिनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनु चौधरी ने संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अंत में बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य ने उपस्थित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर अपर जनपद न्यायाधीश श्रीमती संगीता शर्मा, विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) हर्ष अग्रवाल, विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) निर्भय नारायण, सिविल जज (वरिष्ठ प्रभाग) आकांक्षा गर्ग, न्यायिक मजिस्ट्रेट खुशबू चन्द्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चंद्र, उप जिलाधिकारी सदर, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सूचना अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page