
हाथरस 26 नवंबर। श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, में प्राचार्या प्रो. मंजु वर्मा के दिशानिर्देशन में रोड सेफ्टी क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में बिना हेलमेट एवं ड्राइविंग लाइसेंस के आने वाले विद्यार्थियों और अभिभावकों की जांच की गई। इस अवसर पर छात्राओं ने आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की।
छात्राओं ने लोगों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात के सभी नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित यातायात व्यवहार को बढ़ावा देना और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शशि एवं डॉ. प्रियंका सरोज का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की जानकारी प्रतिवेदन समिति प्रभारी कु. नेहा यादव एवं डॉ. प्रियंका सरोज द्वारा उपलब्ध कराई गई।










