
हाथरस 25 नवंबर। सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की समय पर मदद करने और आमजन को मानवीय जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्या प्रो. मंजु वर्मा के दिशानिर्देशन में रोड सेफ्टी क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत राह-वीर योजना एवं पीएम राहत योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेवी छात्राओं ने विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से राह-वीर एवं पीएम राहत योजना के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर डॉ. प्रियंका सरोज ने छात्राओं को दोनों योजनाओं के उद्देश्यों और सड़क दुर्घटना के पीड़ितों की सहायता के महत्व की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना के समय घायल व्यक्ति को समय पर सहायता मिलना उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसलिए दुर्घटना देखकर अनदेखा करने के बजाय लोगों को मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने आमजन से मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए सड़क हादसों के पीड़ितों की सहायता करने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं के माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा और दुर्घटना पीड़ितों की मदद के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शशि एवं डॉ. प्रियंका सरोज का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की जानकारी प्रतिवेदन समिति प्रभारी कु. नेहा यादव द्वारा उपलब्ध कराई गई।










