Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 24 नवंबर। क्षेत्र के नवाब परिवार से ताल्लुक रखने वाले पूर्व विधायक कुंवर मुस्तमंद अली खां उर्फ छाबी मियां का मंगलवार शाम करीब सात बजे 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने आगरा के बालूगंज स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके इंतकाल की खबर मिलते ही सादाबाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके समर्थकों, परिचितों और शुभचिंतकों में मायूसी छा गई। निधन की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक आगरा स्थित उनके आवास के लिए रवाना हो गए।

पूर्व विधायक छाबी मियां का सादाबाद की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रहा है। नवाब परिवार से संबंध रखने वाले छाबी मियां ने अपनी राजनीतिक पहचान जनसामान्य के बीच बनाई थी। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने लगातार दो विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज कर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। छाबी मियां ने वर्ष 1985 में लोकदल के टिकट पर पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद वर्ष 1989 में लोकदल का जनता दल में विलय होने के बाद चुनाव चिह्न बदलकर चक्र हो गया। इसके बावजूद क्षेत्र की जनता ने उन पर भरोसा जताया और दूसरी बार विधानसभा पहुंचाया। इस तरह उन्होंने लगातार दो बार विधायक बनकर क्षेत्र की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान कायम की। वर्ष 1991 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने तीसरी बार जनता दल के प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में ताल ठोकी। हालांकि उस समय देश और प्रदेश में राम लहर का प्रभाव था। इसके चलते उन्हें कड़े मुकाबले में 5015 मतों से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद क्षेत्र की राजनीति में उनका नाम लंबे समय तक सम्मान के साथ लिया जाता रहा। पूर्व विधायक के निधन से सादाबाद क्षेत्र ने अपना एक पुराना राजनीतिक चेहरा खो दिया है। बुधवार को उनका अंतिम संस्कार सादाबाद स्थित बाग वाली मस्जिद के निकट उनके निजी कब्रिस्तान में किया जाएगा। उनके अंतिम दर्शन और सुपुर्द-ए-खाक में क्षेत्र के लोगों, राजनीतिक प्रतिनिधियों और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page