Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 24 नवंबर। कोतवाली क्षेत्र की अगसौली चौकी के गांव मऊ में मंगलवार शाम मकान का लेंटर डालते समय दर्दनाक हादसा हो गया। ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए अलीगढ़ ले जाया गया, जहां एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार गांव मऊ निवासी ओमपाल सिंह का मकान निर्माणाधीन है। मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव आलमपुर निवासी मजदूर मकान का लेंटर डालने के काम में जुटे हुए थे। शाम करीब चार बजे लेंटर डालने के दौरान किसी तरह निर्माण कार्य में इस्तेमाल किया जा रहा उपकरण ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट की चपेट में आने से काम कर रहे यशपाल पुत्र रघुराज सिंह (18) और कैलाश पुत्र लालाराम गंभीर रूप से झुलस गए।

अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में दोनों मजदूरों को उपचार के लिए अलीगढ़ ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने यशपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि कैलाश की गंभीर हालत को देखते हुए उसका उपचार जारी है। यशपाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बताया गया कि यशपाल की शादी महज आठ महीने पहले हुई थी। उसकी ससुराल कासगंज जिले के कदमपुर बढ़ारी गांव में है। महज 18 वर्ष की उम्र में उसकी मौत से नवविवाहिता पत्नी और परिवार के सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बिजली विभाग के अधिकारी भी मामले की जांच में जुट गए हैं। एसडीओ यूसुफ हुसैन ने बताया कि हादसे की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page