
हाथरस 24 नवंबर। जिले के अलीगढ़ रोड पर लेबर कॉलोनी के निकट तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने डायल 112 की बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां एक पुलिसकर्मी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया, जबकि दूसरे का उपचार जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड पर लेबर कॉलोनी के पास डायल 112 की पीआरवी संख्या 6581 पर तैनात पुलिसकर्मी नीरज शर्मा और पुष्पेंद्र सिंह बाइक से एक घटना की सूचना पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने नीरज शर्मा की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया, जबकि पुष्पेंद्र सिंह का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। घायल पुलिसकर्मी नीरज शर्मा ने बताया कि उन्हें कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला नगला अलगर्जी में झगड़े की सूचना पर इवेंट मिला था। इसी सूचना पर वह अपने साथी पुष्पेंद्र सिंह के साथ मौके पर जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात बाइक सवार मौके से फरार हो गया।






