सादाबाद 24 नवंबर। आगरा रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति में अव्यवस्थाओं का आलम इस कदर बढ़ गया है कि सब्जी विक्रेताओं ने आवंटित टीन शेड से बाहर निकलकर सड़क और अब मंडी समिति के कार्यालय के सामने तक कब्जा जमा लिया है। हालात यह हैं कि कार्यालय के मुख्य रास्ते पर सब्जियों के फड़ लगने से अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मंडी में आने वाले लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, कृषि उत्पादन मंडी समिति में सब्जी विक्रेताओं को व्यवस्थित कारोबार के लिए टीन शेड के नीचे आढ़त आवंटित की गई हैं। इसके लिए बाकायदा लाइसेंस भी जारी किए गए हैं, ताकि मंडी परिसर में कारोबार व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके। लेकिन पिछले कुछ समय से कुछ विक्रेताओं ने आवंटित स्थान से आगे बढ़कर सड़क पर अपने फड़ लगा लिए हैं। धीरे-धीरे यह अतिक्रमण मंडी समिति कार्यालय के सामने तक पहुंच गया है। अब स्थिति यह है कि कार्यालय तक पहुंचने का रास्ता भी पूरी तरह बाधित हो रहा है। मंडी परिसर में इस तरह खुलेआम फैल रहे अतिक्रमण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय सूत्रों का आरोप है कि कुछ विक्रेता मंडी अधिकारियों की कथित मिलीभगत से आवंटित स्थान से बाहर फड़ लगाकर कारोबार कर रहे हैं। यदि इन फड़ों को समय रहते व्यवस्थित नहीं कराया गया तो मंडी परिसर में आवागमन की समस्या और गंभीर हो सकती है। कृषि उत्पादन मंडी समिति के सचिव रुद्रांश शर्मा ने बताया कि जमीन पर फड़ लगाने वाले कुछ लोगों के पास लाइसेंस हैं, लेकिन कार्यालय के सामने फड़ लगाना गलत है। कार्यालय के सामने किसी भी फड़ को नहीं लगने दिया जाएगा। इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी।










