सादाबाद 24 नवंबर। खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में सोमवार देर रात जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल के निर्देशन में एडीएम प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने सादाबाद क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने आगरा-अलीगढ़ रोड स्थित खाद्य पदार्थ उत्पाद इकाई पर अचानक छापेमारी कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में खलबली मच गई।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों के निर्माण से लेकर उनकी गुणवत्ता, रखरखाव और भंडारण तक की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने प्रतिष्ठान में खाद्य सुरक्षा से जुड़े मानकों और आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कई खामियां देखने को मिलीं। इस पर एडीएम प्रकाश चंद्र ने नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित जिम्मेदारों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान से विभिन्न खाद्य पदार्थों के कई नमूने भी एकत्रित किए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। यदि जांच में मिलावट या मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री तैयार किए जाने की पुष्टि होती है तो संबंधित इकाई के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और खाद्य पदार्थों के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण में लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।










