हाथरस 23 नवंबर। जनगणना-2027 को लेकर जनपद में तैयारियां और जागरूकता अभियान लगातार गति पकड़ रहे हैं। जनगणना कार्य को व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर पहुंचकर लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक कर रहे हैं। इस दौरान जनगणना कर्मी भवन स्वामियों और परिवार के सदस्यों को स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ही परिवार के मुखिया के साथ बैठकर पूरी प्रक्रिया समझा रहे हैं और स्व-गणना पूर्ण कराने में सहयोग कर रहे हैं। इसी क्रम में जनगणना कार्य में लगे प्रगणक एवं सुपरवाइजर ने मुंशी गजाधर सिंह मार्ग और विवेकानंद नगर क्षेत्र में घर-घर जाकर संपर्क अभियान चलाया। उन्होंने भवन स्वामियों से मुलाकात कर जनगणना के महत्व के बारे में जानकारी दी और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्व-गणना करने के लिए प्रेरित किया। जनगणना कर्मियों ने बताया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या, परिवारों और आवासीय स्थिति से संबंधित आवश्यक जानकारियां एकत्रित की जाती हैं। इन आंकड़ों का उपयोग भविष्य में विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में किया जाता है।
इस दौरान लोगों से अपील की गई कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में पूर्ण सहयोग करें और स्व-गणना की प्रक्रिया को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय में पूरा करें। परिवार के मुखिया एवं अन्य सदस्यों को सही और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए भी प्रेरित किया गया, ताकि जनगणना का कार्य सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। अभियान के दौरान भाजपा नेता हरीश सेंगर ने भी क्षेत्रीय नागरिकों से जनगणना कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास और भविष्य की योजनाओं के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही इस राष्ट्रीय कार्य को अधिक प्रभावी और सफल बनाया जा सकता है। इस अवसर पर सुपरवाइजर कमलेश, प्रगणक पवन शर्मा एवं डॉ. शशिकान्त यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।










