Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 23 नवंबर। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित प्रकरणों का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पीड़ित एवं प्रभावित व्यक्तियों को समय से न्याय दिलाने के लिए अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। यह निर्देश सोमवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की सदस्य नीरज गौतम ने दिए। बैठक में जनपद में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा की गई। सदस्य नीरज गौतम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और उसे जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश देते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी समय से मिले, जिससे वे उनका लाभ उठा सकें। समीक्षा बैठक में उन्होंने विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी अथवा लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें और पीड़ितों को समय से न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों में लंबित प्रकरणों और निस्तारित शिकायतों की अद्यतन जानकारी तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा जनपद में स्थापित अंबेडकर पार्कों का सौंदर्यीकरण कराने, नियमित साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। नीरज गौतम ने सभी संबंधित विभागों को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लाभार्थियों की विभागवार एवं योजनावार सूची तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित हो रहे लोगों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला सूचना अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, जिला कृषि अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हाथरस, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत मुरसान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page