सिकंदराराऊ 22 नवम्बर। थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव माधुरी में आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने बच्ची के साथ मारपीट की, जिससे उसके मुंह और शरीर पर कई जगह चोटें आईं। मामले में बच्ची के चाचा ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव माधुरी निवासी रूपसिंह पुत्र महावीर सिंह ने थाना प्रभारी को दी तहरीर में बताया कि उनकी भतीजी भारती पुत्री राजेश कुमार के साथ 20 नवंबर को गांव के ही अरविंद पुत्र वीरपाल ने मारपीट की। आरोप है कि इस घटना में बच्ची के मुंह सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। तहरीर के अनुसार, जब परिवार के लोगों ने अरविंद से बच्ची के साथ मारपीट करने के संबंध में पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत कर न्याय और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले को संज्ञान में लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर गांव में चर्चा बनी हुई है।





