हसायन 22 नवम्बर । थाना हसायन क्षेत्र में बिना वैध अनुमति और लाइसेंस के आरामशीनों का संचालन किए जाने का मामला सामने आया है। वन विभाग की जांच में चार स्थानों पर अवैध रूप से आरामशीनें संचालित होती मिलीं। इस मामले में वन विभाग की ओर से चार लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
सेक्शन फॉरेस्ट ऑफिसर हसायन, सिकंदराराऊ रेंज हाथरस अलीहसन की ओर से थानाध्यक्ष हसायन को दी गई तहरीर के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को मिली सूचना के आधार पर क्षेत्रीय वनाधिकारी सिकंदराराऊ ने वन विभाग की टीम के साथ थाना हसायन क्षेत्र के गांव कस्बा में अंडोली चौराहे के पास आरामशीनों की जांच की। जांच के दौरान सामने आया कि चार व्यक्ति अपनी निजी भूमि पर बिना वैध अनुमति और लाइसेंस के आरामशीनों का संचालन कर रहे थे। इनमें विनोद कुमार पुत्र रामयादव निवासी भरतपुर रोड, हसायन, धर्मेंद्र यादव पुत्र चंद्रपाल यादव निवासी अंडोली रोड, हसायन, राजेश यादव पुत्र नत्थू सिंह यादव निवासी अंडोली रोड, हसायन और बच्चू सिंह पुत्र छत्रपाल सिंह निवासी अंडोली रोड, हसायन शामिल हैं। वन विभाग की तहरीर पर पुलिस ने चारों नामजद लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





