
हाथरस 22 नवंबर। शहर के कोतवाली सदर क्षेत्र में एक अधिवक्ता के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। गली बौहरान स्थित चूनावाला डंडा निवासी अधिवक्ता अभिषेक गुप्ता उर्फ आशू की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, घटना 19 नवंबर की शाम करीब 7 बजे की है। अधिवक्ता अभिषेक गुप्ता अपने घर के अंदर जा रहे थे। इसी दौरान नमन वार्ष्णेय, नवुल वार्ष्णेय, लहदेव वार्ष्णेय और मोहनलाल वार्ष्णेय ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि चारों ने अधिवक्ता के साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की। अधिवक्ता के शोर मचाने पर स्नेहलता, रतन अग्रवाल और आसपास के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बीच-बचाव कर अधिवक्ता को बचाया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। पीड़ित अधिवक्ता के मुताबिक, मारपीट में उनके दोनों कानों, आंख और चेहरे पर चोटें आई हैं। घटना के बाद उन्होंने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी। पुलिस ने अधिवक्ता की शिकायत पर शनिवार 21 नवंबर की देर रात चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








