Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 नवंबर। हाथरस गेट थाना क्षेत्र के नगला भूरा गांव में युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके परिवार के सदस्यों के साथ लाठी-डंडों और सरिए से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 17 नवंबर की शाम की बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने 21 नवंबर को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव के एक युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 नवंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे उसके चाचा की बेटी घर के गेट के सामने सीमेंट लगाने का काम कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले के करीब छह लोग वहां पहुंच गए और युवती के साथ छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की। शिकायत के मुताबिक, युवती की चीख-पुकार सुनकर प्रार्थी, युवती का भाई-भाभी और माता-पिता उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग भी वहां आ गए और उन्होंने लाठी-डंडों तथा सरिए से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। मारपीट में पीड़ित पक्ष के चार लोग घायल हो गए। शिकायत में युवती और उसके भाई के सिर में गंभीर चोट लगने की बात कही गई है।

पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने परिवार के सदस्यों को अपमानित करने की धमकी भी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने हाथरस गेट थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 21 नवंबर को मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page