Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 नवंबर। क्षेत्र के गांव लाडपुर स्थित चेतन ईंट भट्ठे पर मिट्टी डालने के दौरान दो पक्षों के बीच चल रहा पुराना विवाद एक बार फिर भड़क गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें दुष्यंत नाम का युवक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, विवाद के दौरान डंपर की टक्कर से भट्ठा मालिक की कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को लाडपुर स्थित चेतन ईंट भट्ठे पर मिट्टी डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान नगला खुशहाली की ओर से एक डंपर वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि दो युवक डंपर चालक के पास पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर उनकी चालक से कहासुनी हो गई। विवाद की जानकारी मिलने पर भट्ठा मालिक और उनका बेटा अंकित भी मौके पर पहुंच गए। बताया जाता है कि भट्ठा मालिक और दोनों युवकों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। इस दौरान एक युवक घायल हो गया।

आरोप है कि दोनों युवकों ने डंपर चालक के साथ मारपीट करते हुए उसे वाहन से नीचे उतार दिया और डंपर को अपने नियंत्रण में ले लिया। आरोप यह भी है कि भट्ठा मालिक की ओर डंपर चढ़ाने का प्रयास किया गया। इसी दौरान डंपर उनकी कार से टकरा गया, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, डंपर से टक्कर और वाहन चढ़ाने के प्रयास से जुड़े आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। बताया गया है कि दोनों पक्षों के बीच तीन दिन पहले भी विवाद हुआ था। उस समय लाखनू क्षेत्र में डंपर अनियंत्रित होकर बिजली के पोल और लाइन से टकरा गया था, जिससे नुकसान हुआ था। इस संबंध में चौकी प्रभारी ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। घायल युवक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page