
हाथरस 22 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत जिले में मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में रविवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष कैंपों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय दयालपुर मुरसान के बूथ संख्या 58 एवं 59, जीएसएएस बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के बूथ संख्या 21, 22 एवं 23, जीएसएएस इंटर कॉलेज मुरसान के बूथ संख्या 19 एवं 20, केएल जैन इंटर कॉलेज सासनी के बूथ संख्या 93 से 97 तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय सासनी के बूथ संख्या 102 एवं 103 का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित बूथों पर मौजूद बीएलओ एवं सुपरवाइजर से मतदाता सूची में नए नाम शामिल करने, नाम हटाने और संशोधन के लिए प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही प्राप्त आवेदनों की ऑनलाइन फीडिंग की प्रगति की भी समीक्षा की। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी व्यक्ति का नाम बिना समुचित सत्यापन के मतदाता सूची में न जोड़ा जाए और न ही हटाया जाए। किसी मतदाता का नाम हटाने के लिए आवेदन प्राप्त होने पर संबंधित तथ्यों एवं अभिलेखों का पूर्ण सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान दिवसों के अलावा अन्य दिनों में भी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें और छूटे हुए पात्र मतदाताओं को चिन्हित कर उनका नाम सूची में शामिल कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि पूर्व में तैयार की गई सूची को अंतिम मानकर न चलें, बल्कि प्रत्येक मतदाता की वास्तविक स्थिति का दोबारा भौतिक सत्यापन किया जाए। निर्धारित प्रारूप में एएसडी सूची का परीक्षण कर पात्र मतदाताओं की पहचान की जाए। गलत श्रेणी में दर्ज मतदाताओं के संबंध में अभिलेखीय एवं स्थलीय जांच के बाद नियमानुसार सुधार किया जाए। सभी प्राप्त आवेदनों की ऑनलाइन फीडिंग निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के भी निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के अंतर्गत आगामी 28 एवं 29 नवंबर 2026 को भी विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे युवा जिनकी आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है तथा 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन अवश्य करें। यदि सूची में नाम शामिल नहीं है तो नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता या अन्य प्रविष्टियों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरकर जमा करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। इसलिए सभी नागरिक पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक, उप जिलाधिकारी सासनी, तहसीलदार, सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।










