सिकन्दराराऊ 22 नवंबर। क्षेत्र में रविवार दोपहर करीब एक बजे ग्राम बिलार के निकट भीषण सड़क हादसा हो गया। सिकंद्राराऊ की ओर जा रहे एक टेंपो में पीछे से आ रही प्राइवेट बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में चार लोगों की मौत की सूचना है, जिनमें दो सगी बहनें भी शामिल बताई जा रही हैं। हालांकि मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या की पुलिस द्वारा आधिकारिक पुष्टि की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टेंपो में सवार लोग जनपद अलीगढ़ के नौसेरवला क्षेत्र के रहने वाले थे और गुरुग्राम में काम करते थे। बताया जा रहा है कि सभी एक ही परिवार के सदस्य थे और गुरुग्राम से सिकंद्राराऊ के नौरंगाबाद में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। यहां हाजी वारिस की बेटी की शादी का कार्यक्रम था। इसी दौरान ग्राम बिलार के निकट टेंपो हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया। कुछ घायलों को अकराबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किए जाने की सूचना है। वहीं, दो मृतकों के शव सिकंद्राराऊ सीएचसी लाए गए, जहां से पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया गया।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा सके। फिलहाल हादसे में मृतकों एवं घायलों की संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।










