Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 21 नवंबर । कोतवाली क्षेत्र के गांव हुसैनपुर में खेत बोने से रोकने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने मां-बेटी के साथ गाली-गलौज करते हुए पथराव और मारपीट की। इतना ही नहीं, उनके घर में ताले डाल दिए गए। जान का खतरा होने के चलते मां-बेटी को रात दूसरे के घर में गुजारनी पड़ी। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

गांव हुसैनपुर निवासी श्रुति पुत्री महेश चंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 नवंबर की शाम गांव के सरमन सिंह पुत्र ज्वाला प्रसाद, पिंकू, विजेंद्र और शीलेश पुत्रगण सरमन सिंह ने उन्हें और उनकी मां लक्ष्मी देवी को खेत बोने से रोक दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और पथराव किया। पीड़िता का आरोप है कि उक्त लोग उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। इससे पहले 30 तारीख को भी आरोपियों ने खेत में ट्रैक्टर नहीं चलने दिया था। श्रुति के मुताबिक, आरोपी आए दिन उनके आने-जाने का रास्ता घेरते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। पीड़िता ने अपनी और अपनी मां की जान-माल को खतरा बताते हुए आशंका जताई है कि आरोपी उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना कर सकते हैं। पीड़िता का आरोप है कि घटना वाले दिन आरोपियों ने उनके साथ मारपीट करने के बाद घर में ताले डाल दिए। डर के कारण मां-बेटी को अपनी जान बचाने के लिए दूसरे के घर में रात गुजारनी पड़ी। पीड़िता ने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें सुरक्षा दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page