Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 नवंबर। स्टेडियम में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह के दौरान करीब तीन वर्षीय मासूम बच्ची अपने माता-पिता और परिजनों से बिछड़ गई। समारोह में मौजूद लगभग दो हजार लोगों की भीड़ के बीच बच्ची अकेली घूमती हुई पुलिसकर्मियों को मिली। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को सुरक्षित भीड़ से बाहर निकाला और मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा को दी। बच्ची की उम्र कम होने के कारण वह अपने माता-पिता का नाम और परिवार से जुड़ी अन्य जानकारी ठीक से नहीं बता पा रही थी। इस पर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बच्ची से बेहद स्नेह और आत्मीयता के साथ बातचीत की तथा उसे सहज करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आवश्यक जानकारी जुटाकर बच्ची के माता-पिता और परिजनों की तलाश शुरू की।

पुलिस के प्रयासों से बच्ची के परिजनों का पता लगा लिया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा और जिलाधिकारी सत्यप्रकाश पटेल की मौजूदगी में मासूम बच्ची को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बच्ची को सुरक्षित पाकर माता-पिता ने राहत की सांस ली और हाथरस पुलिस एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते सामूहिक विवाह समारोह की भीड़ में बिछड़ी मासूम अपने परिवार से दोबारा मिल सकी। पुलिस के इस मानवीय प्रयास की सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page