
हाथरस 21 नवंबर। बिजली विभाग ने नवंबर माह में अधिक से अधिक राजस्व वसूली करने और लंबित कार्यों का समय से निस्तारण करने के उद्देश्य से रविवार 22 नवंबर को भी कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है। विद्युत नगरीय वितरण खंड प्रथम की ओर से जारी आदेश के अनुसार खंड एवं उपखंड कार्यालयों के साथ-साथ सभी राजस्व संग्रह केंद्र सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। जारी आदेश में कहा गया है कि नवंबर माह में राजस्व वसूली बढ़ाने और लंबित कार्यों को समय से पूरा करने के दृष्टिगत निगमहित में 22 नवंबर, रविवार को कार्यालय खोलने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान विद्युत विभाग के खंड कार्यालय, उपखंड कार्यालय और समस्त राजस्व संग्रह केंद्र प्रतिदिन की भांति संचालित होंगे। आदेश की प्रतिलिपि अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल हाथरस, उपखंड अधिकारी विद्युत नगरीय वितरण उपखंड प्रथम एवं द्वितीय, लेखाकार (राजस्व), मुख्य रोकड़िया (राजस्व) सहित संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। इस व्यवस्था के तहत रविवार को भी बिजली विभाग से संबंधित राजस्व कार्यों का निस्तारण किया जा सकेगा और उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करने सहित संबंधित कार्यालयीन कार्यों के लिए सुविधा मिलेगी।










