Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

smart

हाथरस 21 नवंबर। खाटू श्याम जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार दोपहर करीब एक बजे शहर में भव्य निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ रुई की मंडी स्थित कन्हैया जी महाराज मंदिर से हुआ। इसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। श्रद्धालु हाथों में बाबा श्याम के निशान और ध्वज लेकर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और शहर के प्रमुख बाजार बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठे। निशान यात्रा कन्हैया जी महाराज मंदिर से शुरू होकर गुड़हाई बाजार, रामलीला ग्राउंड, बेनीगंज बाजार और मोहनगंज होते हुए अलीगढ़ रोड स्थित खाटू श्याम जी मंदिर के लिए रवाना हुई। यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों में काफी चहल-पहल देखने को मिली। श्रद्धालुओं की अधिक संख्या के चलते कुछ स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा और वाहन चालकों एवं राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, पुलिसकर्मी यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी करते रहे और यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।

अलीगढ़ रोड स्थित श्याम प्रेस कंपाउंड के खाटू श्याम जी मंदिर में शुक्रवार से दो दिवसीय जन्मोत्सव मेले की शुरुआत हुई थी। इस अवसर पर मंदिर में बाबा श्याम का भव्य शृंगार कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया। शुक्रवार देर रात तक श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कन्हैया जी महाराज मंदिर से खाटू श्याम जी मंदिर तक निशान यात्रा निकालने की परंपरा काफी पुरानी है। पिछले वर्ष भी इसी मार्ग से निशान यात्रा निकाली गई थी, जिसमें श्रद्धालुओं का जगह-जगह फूल बरसाकर स्वागत किया गया था। इस बार भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर मनीष अग्रवाल, विशाल सारस्वत, सीताराम अग्रवाल, हनी वार्ष्णेय, पिंटू अग्रवाल, पंडित चेतन सारस्वत, पवन वार्ष्णेय, गगन शर्मा, रिंकू अग्रवाल, आलोक कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page