Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 नवंबर। आगामी 22 नवंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शनिवार 21 नवंबर को जनपद स्तरीय जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। रैली में सेठ हरचरण दास गर्ल्स इंटर कॉलेज, रामबाग इंटर कॉलेज और अकूर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। रैली मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से शुरू होकर मोहनगंज, घंटाघर, बैनीगंज, पंजाबी मार्केट और तालाब चौराहा होते हुए पुनः सीएमओ कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को पल्स पोलियो अभियान के प्रति जागरूक करते हुए पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का संदेश दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि इस अभियान के तहत जनपद में 778 बूथ, ट्रांजिट एवं मोबाइल टीमों के माध्यम से शून्य से पांच वर्ष तक के 2,73,083 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बूथ दिवस पर जो बच्चे किसी कारणवश खुराक पीने से छूट जाएंगे, उन्हें घर-घर जाकर 492 हाउस-टू-हाउस टीमों के माध्यम से पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। अभियान की निगरानी के लिए 161 पर्यवेक्षक, 32 सेक्टर चिकित्सा अधिकारी और आठ जनपद स्तरीय अधिकारियों की तैनाती की गई है।

सीएमओ ने संबंधित विभागों से सभी पोलियो बूथों पर साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को सभी बूथ सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक संचालित किए जाएंगे। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर दो बूंद जिंदगी की अवश्य पिलवाएं। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। रैली के दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमआई आलम, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण भारती, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मधुगढ़ी डॉ. स्वाति गुप्ता, तीनों कॉलेजों के दो-दो शिक्षक, अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर पुष्पेंद्र वीर सिंह, डीसी जेएसआई सत्येंद्र कुमार, डीसी पीसीआई दिनेश सिंह और आरआई सहायक अरविंद चौहान सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page