
हाथरस 21 नवंबर। जिले में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। डॉ. राजीव गुप्ता के नेतृत्व में सादाबाद सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों और क्लीनिकों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कहीं चिकित्सक अनुपस्थित मिले तो कहीं अस्पताल बंद पाया गया। वहीं, बिना पंजीकरण संचालित हो रहे मलिक डेंटल क्लिनिक को सील कर दिया गया। सादाबाद में शांति पैथोलॉजी का निरीक्षण किया गया। पैथोलॉजी का पंजीकरण मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में होने के बावजूद निरीक्षण के समय चिकित्सक उपस्थित नहीं मिले। इस पर संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं, साईं साक्षी हॉस्पिटल निरीक्षण के दौरान बंद पाया गया, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वहां नोटिस चस्पा कर दिया। डॉ. रविंद्र सुपर स्पेशलिटी डेंटल क्लिनिक के निरीक्षण में क्लिनिक बिना पंजीकरण संचालित होता मिला और डॉक्टर भी मौके पर मौजूद नहीं थे। दूरभाष पर डॉक्टर ने रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन करने की बात कही, लेकिन इसके समर्थन में कोई साक्ष्य उपलब्ध नहीं करा सके। इस पर विभाग ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
इसके अलावा डॉ. एमआई आलम की ओर से न्यू श्री बालाजी फार्मा क्लीनिक, ढाकपुरा रोड , डॉक्टर शिवम धकपुरा और ओम उर्मिला क्लिनिक, ऊंट गाड़ी मोहल्ला को भी नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, जलेसर रोड स्थित मलिक डेंटल क्लिनिक पंजीकरण विहीन पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से जिले में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे अस्पतालों और क्लीनिकों के संचालकों में खलबली मची हुई है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में निर्धारित नियमों और पंजीकरण संबंधी मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।










