
हाथरस 21 नवंबर। राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ ने बीएड प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाओं के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव किया है। विश्वविद्यालय से संबद्ध हाथरस जिले के महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की 25 नवंबर से प्रस्तावित परीक्षाएं अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई हैं। अब ये परीक्षाएं 26 दिसंबर से शुरू होंगी। परीक्षा नियंत्रक की ओर से 19 नवंबर को संशोधित विज्ञप्ति जारी की गई है। पीसी बागला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महावीर सिंह छौंकर ने बताया कि संशोधित समय सारिणी के अनुसार बीएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं सुबह 8 बजे से 10:30 बजे तक और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएंगी। प्रथम सेमेस्टर में 26 दिसंबर को चाइल्डहुड एंड ग्रोइंग अप, 28 दिसंबर को कंटेम्परेरी इंडिया एंड एजुकेशन, 29 दिसंबर को लैंग्वेज अक्रॉस द करिकुलम, 30 दिसंबर को योगा एजुकेशन और 31 दिसंबर को वैल्यू एंड पीस एजुकेशन, टीचर एजुकेशन, एनवायरमेंटल एजुकेशन तथा हेल्थ एंड फिजिकल एजुकेशन के प्रश्नपत्र होंगे।
इसी प्रकार बीएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा में 26 दिसंबर को नॉलेज एंड करिकुलम, 28 दिसंबर को स्कूल एडमिनिस्ट्रेशन एंड मैनेजमेंट, 29 दिसंबर को गाइडेंस एंड काउंसिलिंग, 30 दिसंबर को जेंडर, स्कूल एंड सोसाइटी तथा 31 दिसंबर को पेडागोजी ऑफ स्कूल सब्जेक्ट का प्रश्नपत्र होगा। इसमें विज्ञान, गणित, भाषाएं, सामाजिक अध्ययन, ललित कला, गृह विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थी शामिल होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने हाथरस सहित अलीगढ़ मंडल के सभी संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों को संशोधित परीक्षा कार्यक्रम कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने और विद्यार्थियों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी छात्र को परीक्षा की तारीखों को लेकर भ्रम की स्थिति का सामना न करना पड़े। परीक्षाएं स्थगित होने से विद्यार्थियों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।










