सादाबाद 21 नवंबर। कोतवाली क्षेत्र की नगर चौकी पर तैनात रहे उप निरीक्षक अंकित चौधरी ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में कार्यशैली, व्यवहार और पुलिसिंग के तरीके से लोगों के बीच अलग पहचान बनाई। उनका स्थानांतरण जनपद की मेंडू गेट पुलिस चौकी पर होने के बाद शनिवार को कोतवाली परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के गणमान्य लोगों और पुलिसकर्मियों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर उन्हें भावभीनी विदाई दी।
विदाई समारोह में पहुंचे लोगों ने उप निरीक्षक अंकित चौधरी को फूल-मालाओं से लाद दिया। उन्हें पटका पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रतीक चिह्न भेंटकर उनके कार्यकाल की सराहना की गई। इस दौरान लोगों ने उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए और उनके व्यवहार तथा कार्यशैली को याद किया। कार्यक्रम में नवागत प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना ने भी उप निरीक्षक अंकित चौधरी को सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण सेवा का हिस्सा है। नौकरी के दौरान किए गए अच्छे कार्य हमेशा लोगों की यादों में बने रहते हैं। जो व्यक्ति अपनी कार्यशैली और व्यवहार से समाज में अमिट छाप छोड़ता है, वह लोगों के दिलों में विशेष स्थान बना लेता है। उन्होंने कहा कि अंकित चौधरी ने नगर क्षेत्र में अपने व्यवहार और कार्यशैली से पुलिस के प्रति लोगों के मन में विश्वास और सकारात्मक भावना पैदा की है। यह उनकी अच्छी पुलिसिंग का उदाहरण है। पुलिस की छवि बेहतर बनाने में ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह में मौजूद लोगों ने कहा कि अंकित चौधरी ने अपने कार्यकाल के दौरान आमजन के साथ बेहतर संवाद और व्यवहार से अपनी अलग पहचान बनाई। स्थानांतरण के बाद भी उनके कार्यों और व्यवहार को लोग याद रखेंगे। अंत में सभी ने उन्हें नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं देते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी।










