सादाबाद 21 नवंबर। कस्बे में पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने और लोगों को पोलियो से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में स्कूली बच्चों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखे बोर्ड लेकर लोगों को अपने पांच साल तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कर घर-घर तक पोलियो से बचाव और टीकाकरण का संदेश पहुंचाया।
रैली का शुभारंभ सादाबाद के बीआरसी परिसर स्थित संविलियन विद्यालय द्वितीय से किया गया। प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह और एआरओ राजेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर नगर के विभिन्न स्थानों से गुजरी। इस दौरान बच्चों ने नारों और जागरूकता संदेशों के माध्यम से लोगों को पल्स पोलियो अभियान में सहयोग करने की अपील की। भ्रमण के बाद रैली पुनः विद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। इस मौके पर पीसीआई संस्था की ओर से बीसी कृष्ण कुमार और सीसी योगेश चौधरी ने गांव-गांव में लोगों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि पल्स पोलियो अभियान 22 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक चलाया जाएगा। अभियान के पहले दिन 22 नवंबर को निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बूथ पर दवा पीने से छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का कार्य करेंगी। उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जीरो डोज से छूटे बच्चों को शत-प्रतिशत नियमित टीकाकरण से जोड़ना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और संबंधित संस्थाओं की टीमें अभिभावकों को जागरूक कर रही हैं। उन्होंने अपील की कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रहे। पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक की सहभागिता जरूरी है। अभियान को सफल बनाने में जनसहभागिता अहम भूमिका निभाएगी। इसके अलावा क्षेत्र के ग्राम ऊंचा गांव में एमबीडी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा गांव में पोलियो अभियान की रैली निकालकर जागरूकता का संदेश दिया।










