सादाबाद 21 नवंबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हाथरस के तत्वावधान में शनिवार को सादाबाद इंटर कॉलेज में संविधान के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना, उसके महत्व और संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट सादाबाद नेपाल सिंह ने छात्र-छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में सुबह की प्रार्थना सभा के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट नेपाल सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी देश को सुचारू रूप से चलाने के लिए नियम, कानून और परंपराओं की आवश्यकता होती है। जरूरी नहीं कि सभी परंपराएं लिखित हों, लेकिन समाज में उनका पालन किया जाता है। देश की व्यवस्था को संचालित करने में संविधान की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। संविधान ही देश के शासन, नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों की रूपरेखा निर्धारित करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान नागरिकों को अधिकार देने के साथ ही उनके कुछ कर्तव्य भी निर्धारित करता है। संविधान में छह प्रकार के मौलिक अधिकार दिए गए हैं। इनमें समानता का अधिकार विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति के साथ समान व्यवहार होना चाहिए और सभी को समान अवसर मिलने चाहिए। समानता की भावना गांव और समाज के हर स्तर पर दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना में शामिल न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के सिद्धांतों का अर्थ समझाते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है। विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने तथा अपने मौलिक कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों की जानकारी देकर जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना रहा। इस अवसर पर उर्मिला, संदीप पाठक, राघवेंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार, पैनल अधिवक्ता जीतपाल सिंह, पीएलवी करण चौधरी, शिक्षक मेवाराम, धर्मवीर सिंह, मोहम्मद इमरान, मोहम्मद शादाब, रामकैलाश प्रजापति, संजयपाल सिंह, प्रदीप कुमार, नाजिया हिना सहित अन्य शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










