सादाबाद (सहपऊ) 21 नवंबर। गांव मकनपुर में शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 493 पशुओं का पंजीकरण किया गया। इस दौरान पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार, पशु बीमा और सर्जरी सहित विभिन्न चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मेले में पहुंचकर अपने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया और निःशुल्क दवाओं का लाभ उठाया। मेले में डॉक्टर विकास यादव ने पशुपालकों को पशुओं के उचित रखरखाव, समय पर टीकाकरण कराने, विभिन्न बीमारियों से बचाव और पशु बीमा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को अपने पशुओं का बीमा अवश्य कराना चाहिए, ताकि किसी अप्रत्याशित नुकसान की स्थिति में उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके।
इस अवसर पर पशुपालकों को 1962 पशु मोबाइल यूनिट के बारे में भी जानकारी देकर इसकी सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस सुविधा के माध्यम से पशुपालक पशु चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। मेले में डॉ. चरत मौतम, उदय सिंह राणा, दिलीप, डॉ. अवधेश चौहान, डॉ. अंबरीष, पशुधन प्रसार अधिकारी सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। मेले में ग्रामीणों और पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।










