सादाबाद (सहपऊ) 21 नवंबर। कस्बा स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में शुक्रवार को बाबा श्याम का जन्मोत्सव धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा। बाबा श्याम के जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। वहीं, बाबा के भव्य शृंगार के लिए विशेष रूप से बेंगलुरु से ताजे फूल मंगवाए गए, जिनसे बाबा का मनमोहक शृंगार किया गया। फूलों से सजे बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। जन्मोत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में बाबा श्याम को 51 किलोग्राम का विशाल केक अर्पित किया गया। इसके साथ ही 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम की महिमा का गुणगान किया। कस्बे के गमन, शिवा और पवन सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जन्मोत्सव में शामिल होने पहुंचे। देर रात तक चले धार्मिक आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।










