Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 नवंबर। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामनाथ जाटव के आवास पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वेद प्रकाश करधम ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव नरेश ठाकुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. मुकेश चंद्रा ने किया। चौपाल में लोकतंत्र की रक्षा, मतदाता सूची में पारदर्शिता, प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि नरेश ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक के वोट का महत्व है। मताधिकार की रक्षा करना और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वेद प्रकाश करधम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए निरंतर जनजागरण का कार्य कर रही है। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हेमंत सेंगर ने कहा कि वोट केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र में आम नागरिक की सबसे बड़ी ताकत है। यदि किसी नागरिक के मताधिकार के साथ खिलवाड़ होता है तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

हेमंत सेंगर ने कहा कि कांग्रेस के सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का उद्देश्य जनता को जागरूक करना और प्रत्येक मतदाता को अपने वोट की ताकत एवं अधिकारों के प्रति सजग करना है। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कृष्ण कुमार कन्हैया एडवोकेट ने भी अपने विचार व्यक्त किए। चौपाल में सर्वसमाज के गणमान्य नागरिकों और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए लोकतंत्र की मजबूती, मताधिकार की सुरक्षा और जनजागरूकता के महत्व पर चर्चा की। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेसजनों ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page