Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 नवंबर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सुदृढ़ बनाने तथा आम नागरिकों को अपने ही जिले में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश को ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय के नेतृत्व में और जिलाध्यक्ष कमलकांत दोबरावाल की देखरेख में सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से जनपद में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी और गंभीर बीमारियों के उपचार की सीमित सुविधाओं का मुद्दा उठाया गया। ADHR ने ज्ञापन में कहा कि हाथरस में जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित होने के बावजूद विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के अभाव में मरीजों को हृदय रोग, कैंसर, किडनी, न्यूरो सहित कई गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए अलीगढ़, आगरा, दिल्ली और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे गरीब, मजदूर, किसान और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आर्थिक, शारीरिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

संगठन ने हृदय रोग विशेषज्ञ, न्यूरोलॉजिस्ट, न्यूरो सर्जन, कैंसर रोग विशेषज्ञ, गुर्दा रोग विशेषज्ञ, यूरोलॉजिस्ट, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट और एंडोक्राइनोलॉजिस्ट सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की। साथ ही जिन विशेषज्ञों की नियमित नियुक्ति तत्काल संभव नहीं है, उनके लिए निर्धारित दिनों में विशेषज्ञ ओपीडी और टेलीमेडिसिन परामर्श की सुविधा शुरू कराने का सुझाव दिया। ज्ञापन में MRI सहित आधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार करने, हृदय रोग, ब्रेन स्ट्रोक, किडनी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए विशेष चिकित्सा इकाइयां विकसित करने तथा गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का पूरा लाभ दिलाने की मांग भी शामिल रही। इसके अलावा अनावश्यक रेफरल की समस्या दूर करने पर जोर दिया गया। ADHR ने जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों के स्वीकृत और रिक्त पदों की स्थिति सार्वजनिक करने तथा चिकित्सा सुविधाओं की वास्तविक कमियों का सर्वेक्षण कर बजट एवं संसाधनों के साथ समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने की मांग की। अलीगढ़, आगरा और अन्य उच्च चिकित्सा संस्थानों से समन्वय स्थापित करने का सुझाव भी दिया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि ADHR का उद्देश्य पहले से उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की दोबारा मांग करना नहीं, बल्कि चिकित्सा व्यवस्था में मौजूद वास्तविक कमियों को दूर कराना है। हाथरस के नागरिकों को भी गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पाने का अधिकार है। किसी गरीब व्यक्ति को आर्थिक अभाव के कारण बेहतर इलाज से वंचित नहीं रहना चाहिए। ज्ञापन प्राप्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने आश्वासन दिया कि ज्ञापन को आवश्यक कार्रवाई के लिए शासन को प्रेषित किया जाएगा और संबंधित स्तर पर जरूरी कार्रवाई कराने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान ADHR के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय, जिलाध्यक्ष कमलकांत दोबरावाल, अनिल अग्रवाल, राजेश वार्ष्णेय और अमन बंसल सहित संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। संगठन ने उम्मीद जताई कि शासन जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए हाथरस की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए ठोस एवं समयबद्ध कदम उठाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page