
हाथरस 21 नवंबर। जनपद न्यायालय में शनिवार को एनआई एक्ट की धारा 138 के मामलों के निस्तारण के लिए एक दिवसीय विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश विनय कुमार तृतीय के आदेशानुसार आयोजित इस विशेष लोक अदालत में कुल 15 वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराया गया। इन मामलों में कुल 64 लाख 79 हजार 620 रुपये की समझौता राशि तय हुई। विशेष लोक अदालत में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं वादकारियों ने सहभागिता की। इस दौरान अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हाथरस दीपकनाथ सरस्वती के न्यायालय से एक वाद का निस्तारण किया गया।
वहीं सिविल जज (कनिष्ठ प्रभाग)/त्वरित न्यायालय कोर्ट संख्या-1, हाथरस के न्यायालय में पीठासीन अधिकारी रोबिन कुमार द्वारा 14 वादों का निस्तारण कराया गया। इन मामलों में 64 लाख 79 हजार 620 रुपये की समझौता राशि दिलाई गई। विशेष लोक अदालत की खास उपलब्धि यह रही कि इसमें दो ऐसे मामलों का भी निस्तारण कराया गया, जो लगभग 10 वर्षों से न्यायालय में विचाराधीन थे। दोनों पक्षों की आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर इन पुराने मामलों का समाधान कराया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं वादकारियों का आभार व्यक्त किया।










