
हाथरस 21 नवंबर। मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने तथा मतदान प्रक्रिया को लेकर उनकी शंकाओं का समाधान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ तहसील हाथरस परिसर में स्थापित ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं ईवीएम पर मतदान कर लाइव डेमो के माध्यम से मशीन की कार्यप्रणाली को परखा। उन्होंने केंद्र पर आने वाले आगंतुकों का विवरण दर्ज करने के लिए रखे गए रजिस्टर का भी अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिक से अधिक मतदाताओं और आमजन को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक किया जाए। मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की सही जानकारी उपलब्ध कराना और मशीनों से संबंधित उनकी शंकाओं का समाधान करना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाताओं एवं आमजन को ईवीएम तथा वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझाने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर सहित जनपद की चारों तहसीलों में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर पहुंचकर नागरिक ईवीएम एवं वीवीपैट के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही स्वयं मतदान करके पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव भी ले सकते हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि मतदाता मतदान प्रक्रिया को समझें और ईवीएम एवं वीवीपैट के संचालन को लेकर पूरी तरह जागरूक हों।










