
हाथरस 21 नवंबर। जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, विद्यालयों में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और विभागीय योजनाओं में वित्तीय पारदर्शिता बनाए रखने को लेकर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने सख्त निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही मिड-डे मील की गुणवत्ता जांचने और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले निजी विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में तैनात शिक्षकों, कर्मचारियों और विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभागीय कार्य शासन के नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं। किसी भी स्तर पर गलत तथ्यों, वित्तीय अनियमितताओं अथवा लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वित्तीय व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि विभाग को विभिन्न मदों में प्राप्त धनराशि का उपयोग निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुसार किया जाए। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत सामग्री की खरीद शासनादेश एवं वित्तीय नियमों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पत्रावलियों का व्यवस्थित रखरखाव करने, वित्तीय नियमों का कड़ाई से पालन करने और ऑडिट रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही रसोइयों एवं अन्य कर्मचारियों के मानदेय का भुगतान समय से कराने को कहा। शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों में शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। विद्यालयों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील वितरित किया जाए। भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच कराई जाए, ताकि बच्चों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन मिल सके।
जिलाधिकारी ने विद्यालयों में किंडरगार्डन व्यवस्था को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए। वहीं, जनपद में संचालित निजी विद्यालयों का समय-समय पर निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित मानकों और आवश्यक शर्तों का पालन नहीं करने वाले विद्यालयों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। डीएम ने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करने और शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डायट प्राचार्य, जिला सूचना अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।










