
हाथरस 20 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत जिले में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए कल विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य ‘कोई मतदाता न छूटे’ के लक्ष्य को पूरा करते हुए सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है। यह विशेष अभियान हाथरस जिले की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 78-हाथरस (अजा), 79-सादाबाद और 80-सिकंदराराऊ में चलाया जाएगा। दोनों विशेष कैंप दिवसों पर जिले के प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। सभी बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 और 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी, जहां मतदाताओं को फॉर्म भरने में सहायता दी जाएगी। इस कार्य में सभासदों, ग्राम प्रधानों और वॉलंटियर से भी नियमानुसार सहयोग लेने की अपेक्षा की गई है। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के इच्छुक नागरिक कैंप में अपनी नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां लेकर पहुंचें। यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) नंबर उपलब्ध है, तो उसे भी साथ लेकर आएं।
जिन नागरिकों का नाम अभी मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे अपने मतदान केंद्र पर पदाभिहित अधिकारी या बीएलओ से फॉर्म प्राप्त कर भरकर जमा कर सकते हैं। इसके अलावा तहसील कार्यालय में स्थापित मतदाता पंजीकरण केंद्र और जिला निर्वाचन कार्यालय से भी फॉर्म प्राप्त किए जा सकते हैं। नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप और voters.eci.gov.in वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए फॉर्म-6 नए नाम जुड़वाने, फॉर्म-7 नाम हटवाने और फॉर्म-8 मतदाता सूची में संशोधन कराने के लिए निर्धारित है। प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं से अपील की है कि वे विशेष कैंप का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं।





