
हाथरस 20 नवंबर। जिले में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक कार्रवाई की है। शुक्रवार को सिकंदराराऊ क्षेत्र में जांच के दौरान दो अवैध क्लीनिकों को सील कर दिया गया, जबकि कई अन्य चिकित्सा संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग ने बंद मिले संस्थानों की दोबारा जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है। जानकारी के अनुसार, एसीएमओ डॉ. माधुर कुमार ने सिकंदराराऊ क्षेत्र के ग्राम पंचों में अवैध रूप से संचालित डॉ. जितेंद्र क्लीनिक और ग्राम वाजिदपुर में संचालित लियाकत अली क्लीनिक को सील कराया। इसके अलावा दयानतपुर स्थित बजरंग हॉस्पिटल और दीक्षित पैथोलॉजी को नोटिस जारी किए गए। वहीं, फौजी डेंटल क्लीनिक और खान डेंटल क्लीनिक सनी को जांच के दौरान संचालित पाए जाने पर बंद कराते हुए नोटिस जारी किए गए।
इसी क्रम में डिप्टी सीएमओ डॉ. आरएन सिंह ने सफाऊ स्थित प्रमोद सिसोदिया अस्पताल को नोटिस जारी किया है। महो ब्लॉक में जांच के दौरान धर्मेंद्र की क्लीनिक बंद मिली, जबकि हाथरस जंक्शन क्षेत्र में ओम पैथोलॉजी क्लीनिक भी जांच के समय बंद पाई गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बंद मिले धर्मेंद्र क्लीनिक और ओम पैथोलॉजी सहित अन्य चिकित्सा संस्थानों की दोबारा जांच की जाएगी। जांच में आवश्यक मानकों और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से जिले में अवैध रूप से संचालित चिकित्सा संस्थानों के संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।











