
हाथरस 20 नवंबर। शहर के तालाब चौराहा स्थित रेलवे पुल पर जाम के दौरान हाथरस डिपो की रोडवेज बस अचानक पीछे की ओर खिसकने लगी। इससे पीछे चल रहे कई बाइक सवार बस की चपेट में आ गए। हादसे में एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद बाइक सवारों ने बस को रुकवाकर हंगामा किया और नुकसान की भरपाई की मांग की। जानकारी के अनुसार, सोखना निवासी धर्मेंद्र कुरियर पार्सल डिलीवरी का काम करते हैं। वह पार्सल बैग लेकर बाइक से रोडवेज बस के पीछे चल रहे थे। इसी दौरान जाम में बस अचानक पीछे की ओर ढरकने लगी। धर्मेंद्र ने बाइक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी बाइक बस की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। शोर मचाने पर चालक ने बस रोक दी।
इसके बाद बाइक सवारों ने नवल नगर के सामने रोडवेज बस को रुकवा लिया और क्षतिग्रस्त बाइक के मुआवजे की मांग करने लगे। इस दौरान काफी देर तक हंगामा होता रहा, जिससे बस में सवार यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर जुटे लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया, जिसके बाद बस अपने गंतव्य के लिए रवाना हो सकी। वहीं, सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।










