
हाथरस 20 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में 21 और 22 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विशेष अभियान दिवस पर सभी निर्धारित मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और सुपरवाइजर की तैनाती रहेगी। इस दौरान कर्मचारियों की सुविधाओं के लिए बैठने की पर्याप्त जगह, पीने का पानी और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशान्त तिवारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी कर निर्देशित किया है कि उनके अधीनस्थ जिन विद्यालयों में निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित लोकसभा एवं विधानसभा के मतदेय स्थल बनाए गए हैं, वहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कराई जाएं।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि विशेष अभियान दिवस के दौरान बीएलओ और सुपरवाइजर अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे। इसलिए कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल और शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी बताया कि विशेष अभियान के दौरान वह स्वयं, अपर जिलाधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी तथा जनपद स्तर से नियुक्त नोडल अधिकारी विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।





