Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 नवंबर। श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्या प्रो. मंजु वर्मा के दिशा-निर्देशन में रोड सेफ्टी क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय द्वारा अधिग्रहीत गांव में किया गया, जहां छात्राओं ने ग्रामीणों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने ग्रामीणों को वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात संकेतों का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने बताया कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की।

इस अवसर पर सड़क सुरक्षा विषय पर आधारित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में बीए तृतीय सत्र की मुस्कान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बीए प्रथम सत्र की कविता अग्रवाल द्वितीय स्थान पर रहीं। बीए तृतीय सत्र की शिवानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया तथा इसी सत्र की नूतन शर्मा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शशि एवं डॉ. प्रियंका सरोज का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की जानकारी प्रतिवेदन समिति प्रभारी कु. नेहा यादव एवं डॉ. प्रियंका सरोज द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page