Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 नवंबर। शहर में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रिहायशी इलाकों से लेकर प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों तक बंदरों के झुंड लोगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। हालात ऐसे हैं कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का गलियों में अकेले निकलना भी सुरक्षित नहीं रह गया है। बंदरों के हमलों से आए दिन लोग घायल हो रहे हैं, लेकिन बंदरों को पकड़ने के लिए जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई अब तक धरातल पर नजर नहीं आ रही है। स्थानीय लोगों का दावा है कि पिछले पांच वर्षों में शहर में बंदरों की आबादी अप्रत्याशित रूप से बढ़ी है। शहर के मुरसान गेट, बौहरे वाली देवी मंदिर क्षेत्र, रामनगर कॉलोनी, जिला अस्पताल परिसर, नवल नगर, लेबर कॉलोनी, नेहरू कॉलोनी, साकेत कॉलोनी, रमनपुर, विनोद विहार कॉलोनी, मंडी समिति, सिटी स्टेशन, एमजी पॉलिटेक्निक, आवास-विकास कॉलोनी और किला गेट सहित कई इलाके बंदरों के आतंक से प्रभावित हैं। इन क्षेत्रों में दिन-रात बंदरों के झुंड घूमते रहते हैं। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिलेभर में रोजाना दर्जनों लोग बंदरों के हमलों में घायल होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। घंटाघर निवासी अनिल वार्ष्णेय ने बताया कि बौहरे वाली देवी और प्रेम नगर में दो साल पहले तक ऐसी स्थिति नहीं थी, लेकिन पिछले दो वर्षों में अचानक बंदरों के झुंड दिखाई देने लगे हैं। अब गलियों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। वहीं, अलीगढ रोड स्थित इंद्रा नगर और तमन्ना गढ़ी में भी पिछले एक साल से बंदरों की समस्या लगातार गहराती जा रही है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि बाहर से बंदरों को लाकर शहरी क्षेत्र में छोड़ा जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

लोगों कहना है कि बंदरों के आतंक के चलते सुबह टहलने और रात में दुकान से लौटने के दौरान भी हमले का डर बना रहता है। उनके कई परिचित बंदरों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। प्रशासन को इस समस्या का तत्काल समाधान निकालना चाहिए। लोगों ने बताया कि घरों की छतों और गलियों में बच्चों तथा महिलाओं का निकलना सुरक्षित नहीं रह गया है। अकेले आने-जाने पर बंदर अचानक झपट्टा मार देते हैं। हर बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की ओर से आश्वासन तो मिलते हैं, लेकिन समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। आढ़ती राजेश वार्ष्णेय के अनुसार मंडी और बाजारों में आने वाले लोगों को हर समय बंदरों का डर सताता रहता है। खाने-पीने का सामान हाथ में लेकर चलना भी मुश्किल हो गया है। मंडी में आढ़तियों और किसानों पर कई बार बंदर हमला कर चुके हैं। प्रशासनिक सुस्ती के चलते आम लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।

लोगों ने आरोप लगाया कि बंदरों को पकड़ने के नाम पर केवल कागजी दावे किए जा रहे हैं और जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उनका कहना है कि न्यायालय की ओर से भी नगर पालिका को बंदर पकड़ने के आदेश दिए जा चुके हैं, इसके बावजूद अभियान शुरू करने के बजाय अधिकारी जिम्मेदारी से बचते नजर आ रहे हैं। इस संबंध में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह ने बताया कि बंदरों को पकड़ने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। शासनादेश के क्रम में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही लोगों को बंदरों की समस्या से निजात दिलाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page