
हाथरस 19 नवंबर। नई तहसील के सामने स्थित इंदिरा गांधी स्मारक पर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की तथा देश के प्रति उनके योगदान और बलिदान को याद किया। गोष्ठी की अध्यक्षता जिला प्रवक्ता डॉ. मुकेश चंद्रा ने की। कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष पंडित ब्रह्मदेव शर्मा मुख्य अतिथि तथा किसान कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव अजीत गोस्वामी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव शशांक पचौरी एडवोकेट ने किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला कोषाध्यक्ष संजीव आंधीदीवाल ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना बलिदान दिया। वह कहती थीं कि उनके खून का एक-एक कतरा देश की सेवा के लिए काम आएगा, चाहे वह रहें या न रहें। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामनाथ जाटव एवं वेद प्रकाश कदम ने कहा कि इंदिरा गांधी को उनके साहसिक फैसलों और दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण आयरन लेडी के नाम से जाना जाता है। जिला महासचिव ठाकुर कपिल सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी ने भारत की छवि को विश्व पटल पर ऊंचा स्थान दिलाने के लिए कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन देश सेवा के लिए समर्पित कर दिया। वक्ताओं ने कहा कि उनका नेतृत्व, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। कार्यक्रम में मैनपुरी कोऑर्डिनेटर अवधेश बक्शी, प्रदीप तेंगुरिया, रोहन कर्दम, जेपी पांडे, रामकुमार सारस्वत, समलेश कुमार, साधना बेगम, श्रवण कुमार शर्मा, भगवती प्रसाद एवं सुरेश चंद शर्मा सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रवक्ता डॉ. मुकेश चंद्रा ने सभी उपस्थित कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त किया।










