
हाथरस 19 नवंबर। पीसी बागला महाविद्यालय में बीएड प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026-28) के विद्यार्थियों के लिए आयोजित पांच दिवसीय योग शिविर का चौथा दिन आज विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम के विशेष अभ्यास के साथ संपन्न हुआ। शिविर का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. महावीर सिंह छोंकर के निर्देशन में किया जा रहा है। शिविर के चौथे दिन योग प्रशिक्षक सचिन शर्मा ने विद्यार्थियों को गरुड़ासन, ग्रीवा शक्ति विकासक के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय अभ्यास, नेत्र शक्ति विकासक, भद्रासन, स्वास्तिक आसन, तितली आसन, उत्कट आसन, कुर्सी आसन और सर्वांगासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। इस दौरान विद्यार्थियों को योगासनों के माध्यम से शरीर के विभिन्न अंगों की सक्रियता, लचीलापन, संतुलन और शारीरिक क्षमता बढ़ाने के महत्व की जानकारी दी गई।
योगाभ्यास के दौरान प्राणायाम पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को भ्रामरी और भस्त्रिका प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही पूर्व में सिखाए गए कपालभाति, अनुलोम-विलोम और उद्गीथ प्राणायाम का भी पुनराभ्यास कराया गया, ताकि विद्यार्थी इनकी सही विधि, श्वसन प्रक्रिया और आवश्यक सावधानियों को समझ सकें। योग प्रशिक्षक सचिन शर्मा ने बताया कि नियमित रूप से उचित विधि के साथ प्राणायाम करने से श्वसन क्षमता, मानसिक एकाग्रता और भावनात्मक संतुलन विकसित करने में सहायता मिलती है। इस अवसर पर डॉ. डीके दीक्षित, डॉ. विमलेश, डॉ. निखिल मिश्रा, डॉ. विनय वर्मा एवं डॉ. अनीता शर्मा का विशेष सहयोग रहा। शिविर का संयोजन योग शिक्षिका एवं शिविर संयोजक डॉ. दीपा ग्रोवर द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को योगाभ्यास के प्रति निरंतर रुचि बनाए रखने, अनुशासन के साथ सभी गतिविधियों में सहभागिता करने तथा योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. महावीर सिंह छोंकर ने कहा कि योग भारतीय ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। इसके नियमित अभ्यास से व्यक्ति शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन भी प्राप्त कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग के विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम को उचित विधि से प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में सीखकर अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। इस प्रकार पांच दिवसीय योग शिविर का चौथा दिन विभिन्न योगासनों, विशेष प्राणायाम अभ्यास और पूर्व में सिखाई गई श्वसन क्रियाओं के पुनराभ्यास के साथ संपन्न हुआ।










