Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 नवंबर। शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री एवं लौह महिला स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ आगरा रोड स्थित रवि कुंज के इंदिरा पार्क में इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करने के साथ हुआ। इसके बाद कांग्रेसजनों ने हाथरस की प्रमुख शिक्षाविद् एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार की पुत्रवधू और पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. राजकुमारी पोद्दार के आवास पर पहुंचकर उन्हें इंदिरा गांधी का छवि चित्र भेंट किया तथा सम्मानपूर्वक दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने की, जबकि संचालन ठाकुर कृपेंद्र सिंह चौहान ने किया। कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य मुख्य अतिथि तथा महिला शिक्षाविद् उषा गुप्ता और कवयित्री मीरा दीक्षित विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

मुख्य अतिथि चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि इंदिरा गांधी केवल देश की प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रतीक थीं। उनकी जयंती पर शिक्षा के क्षेत्र में अपना जीवन समर्पित करने वाली डॉ. राजकुमारी पोद्दार जैसी महिलाओं का सम्मान करना अत्यंत सार्थक है। उन्होंने कहा कि शिक्षाविद् समाज की नींव मजबूत करने और पीढ़ियों का निर्माण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके योगदान को सम्मान देना समाज का दायित्व है। महिलाओं का सम्मान, शिक्षा को प्रोत्साहन और सामाजिक सद्भाव ही इंदिरा गांधी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश को मजबूत नेतृत्व प्रदान किया और महिलाओं के लिए आत्मविश्वास एवं स्वावलंबन की मिसाल कायम की। उनकी जयंती पर वरिष्ठ महिला शिक्षाविद् का सम्मान करना कांग्रेस की उस विचारधारा का प्रतीक है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग और विशेषकर महिलाओं को सम्मान एवं अवसर देने की भावना निहित है।

विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद् उषा गुप्ता ने कहा कि महिलाओं की शिक्षा और सम्मान किसी भी समाज की उन्नति का आधार है। एक शिक्षित महिला न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे समाज को दिशा देती है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को महिला सम्मान और शिक्षा के महत्व से परिचित कराने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर कवयित्री मीरा दीक्षित ने इंदिरा गांधी और नारी शक्ति को समर्पित भावपूर्ण काव्य पंक्तियां प्रस्तुत कीं। उन्होंने अपनी कविता के माध्यम से नारी शक्ति के साहस, शिक्षा, संस्कार और सेवा के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम में शिक्षक प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश महासचिव पंडित अविनाश चंद पचौरी, राधाकृष्ण शर्मा, कपिल नरूला, मुनि शर्मा, निरंजन लाल, पीयूष अग्निहोत्री, चंद्रकांत, पन्नालाल, अमित कुमार सिंह, मुकेश सिंह, रोहित कुमार, हेमंत कुशवाहा और संजू शर्मा सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page