हाथरस 19 नवंबर। डीआरबी कॉलेज की प्रबंध समिति की कार्यकारिणी के प्रमुख सदस्य एवं उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के सेवानिवृत्त इंजीनियर जगदीश चन्द्र गुप्ता के आकस्मिक निधन पर शहर के शिक्षण संस्थानों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर श्री दौलतराम बारहसैनी इंटर कॉलेज, एमएलडीवी पब्लिक इंटर कॉलेज एवं आरकेएसके इंटरनेशनल स्कूल की प्रबंध समितियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं और समस्त स्टाफ की संयुक्त शोकसभा आयोजित की गई। शोकसभा की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधक स्वतंत्र कुमार गुप्त ने की। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने इं. जगदीश चन्द्र गुप्ता के आकस्मिक एवं असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा को चिरशांति प्रदान करने तथा शोक-संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति और धैर्य देने की प्रार्थना की गई।
शोकसभा के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात विद्यालय का अवकाश घोषित कर दिया गया। शोकसभा में अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद कौशिक, कार्यवाहक प्रधानाचार्य संजय कुमार मौर्य एवं प्रबंधक स्वतंत्र कुमार गुप्त सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।










