Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 18 नवंबर। लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को सादाबाद इंटर कॉलेज में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। प्रार्थना सभा के दौरान स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित अभियान में छात्र-छात्राओं को मतदाता बनने, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और सूची में त्रुटियों को दुरुस्त कराने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में रामकैलाश प्रजापति ने विद्यार्थियों को बताया कि जिनकी आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है या आगामी एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी होने जा रही है, वे फॉर्म संख्या-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवा केवल स्वयं मतदाता बनने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने परिवार के भाई-बहनों और अन्य सदस्यों को भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें। ऐसे पात्र लोगों की पहचान करें, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है। उन्होंने मतदाता सूची के शुद्धिकरण पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में होना चाहिए। इसके साथ ही नाम, पता और अन्य विवरण भी सही होने जरूरी हैं। सूची में किसी प्रकार की त्रुटि, नाम का दोहराव या अपात्र प्रविष्टि मिलने पर संबंधित प्रपत्रों के माध्यम से नियमानुसार संशोधन कराया जाना चाहिए। विद्यार्थियों से परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदाता सूची की जांच करने के लिए जागरूक करने की अपील की गई। प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता बनना और अपने मताधिकार का जिम्मेदारी से प्रयोग करना जरूरी है। युवा देश का भविष्य हैं। उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान के प्रति जागरूकता विकसित करना शिक्षण संस्थानों की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने के साथ परिवार और समाज के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शिक्षक मुहम्मद इमरान, धर्मवीर सिंह, कपिल गुप्ता, मेवाराम, मुहम्मद शादाब, संजय पाल सिंह, निकेश तिवारी, प्रदीप कुमार, शिखा शर्मा, नाजिया, हिना, अख्तर हसन सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page