सादाबाद 18 नवंबर। आगरा रोड पर देर रात सीएनजी पंप के निकट तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की गंभीर चोट लगने से मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आई, जहां चिकित्सक ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल का उपचार किया गया।
जानकारी के अनुसार, हाथरस के नाई का नगला निवासी आशु पुत्र संजय और सलीम पुत्र वाहिद मंगलवार रात करीब 11 बजे मोटर साइकिल से आगरा की ओर से हाथरस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक सादाबाद क्षेत्र में आगरा रोड स्थित सीएनजी पंप के सामने पहुंची, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में आशु के चेहरे का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सिर में गंभीर चोटें आईं। वहीं सलीम भी घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने आशु को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक सलीम का उपचार किया गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।










