सिकन्दराराऊ : किसान के घर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख, परिवार में मचा कोहराम
सिकन्दराराऊ 18 नवंबर। थाना क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर में मंगलवार रात एक किसान के घर में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर राख हो गया। आग की घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार गांव हिम्मतपुर निवासी केसर देव पुत्र लक्ष्मी नारायण ने बताया कि 17 नवंबर की रात अचानक बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से डबल बेड, एलईडी टीवी, परिवार के कपड़े, ड्रेसिंग टेबल, फ्रिज सहित घर का अन्य कीमती सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित के अनुसार इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। केसर देव ने जनप्रतिनिधियों से मदद की गुहार लगाते हुए संबंधित अधिकारियों को घटना से अवगत कराने और सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है, ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके और इस मुश्किल घड़ी में उन्हें राहत मिल सके।










