
हाथरस 18 नवंबर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी विकासखंडों में संचालित गो आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं और संरक्षित गोवंशों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गो आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, हरा चारा और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही सर्दी के मौसम को देखते हुए गोवंशों को ठंड से बचाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि गोवंशों के संरक्षण और उनके बेहतर रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी एवं पशु चिकित्साधिकारी गो आश्रय स्थलों का नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करें। गोवंशों के स्वास्थ्य, खानपान और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री सहभागिता योजना की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत पात्र पशुपालकों को उनकी इच्छा के अनुसार स्वस्थ गोवंश सुपुर्द करने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाए। इससे निराश्रित गोवंशों को उचित संरक्षण मिल सकेगा और पात्र पशुपालक भी योजना का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप गोवंश संरक्षण के कार्यों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ संपादित करने तथा गो आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी एवं समस्त उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारियों ने प्रतिभाग किया।










