
हाथरस 17 नवंबर। गांव विसाना निवासी मानवेंद्र की गोली मारकर हत्या किए जाने की वारदात को छह दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वहीं, पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। बता दें कि 11 नवंबर को गांव विसाना में मानवेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस गोलीबारी में उसका दोस्त समीर भी गोली लगने से घायल हो गया था। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से गांव में दहशत फैल गई थी। मामले में मानवेंद्र के परिजनों ने पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
घटना के बाद परिजनों ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग करते हुए मानवेंद्र के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। इसको लेकर काफी हंगामा हुआ था। बाद में पुलिस के आला अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शव का पोस्टमार्टम कराया गया था। वारदात के छह दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






