
हाथरस 17 नवंबर। जिले में पुलिस विभाग के स्तर पर एक और स्थानांतरण किया गया है। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने थाना हाथरस गेट के प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना को स्थानांतरित कर थाना सादाबाद का प्रभारी निरीक्षक बनाया है। मंगलवार को नितिन कसाना ने सादाबाद कोतवाली पहुंचकर अपना कार्यभार संभाल लिया।इस बदलाव के बाद थाना हाथरस गेट के नए प्रभारी की तैनाती को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस विभाग में निरीक्षकों के स्थानांतरण के बाद विभिन्न थानों पर नए प्रभारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है।
बता दें कि विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच अलीगढ़ परिक्षेत्र में पुलिस निरीक्षकों के बड़े पैमाने पर स्थानांतरण किए गए हैं। हाल ही में हाथरस जिले के 18 निरीक्षकों को दूसरे जनपदों में स्थानांतरित किया गया था। इनमें सादाबाद के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह भी शामिल थे, जिन्हें जनपद एटा भेजा गया है। उनके स्थानांतरण के बाद अब नितिन कसाना को सादाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।






